सिंभावली से हापुड़ आ रहे एक ऑटो में सवार युवती से बाइक सवार दो युवकों ने रोककर अभद्रता कर दी। इसे देखकर ऑटो में सवार तीन युवकों ने आरोपी को जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया।
हालांकि एक युवक बाइक छोड़कर भाग गया। सोमवार शाम एक ऑटो सिंभावली से हापुड़ आ रहा था। उसमें अन्य यात्रियों के साथ एक युवती भी बैठी थी।
पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने ततारपुर बाईपास पर थ्रीव्हीलर रुकवा लिया और उसमें सवार युवती से अभद्रता करने लगे। युवती से अभद्रता होती देखकर थ्रीव्हीलर में बैठे तीन दोस्तों ने आरोपी युवकों का विरोध किया।
तीनों ने आरोपियों को जमकर पीटा और देहात थाना पुलिस को सूचना दे दी। मामले की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस पहुंची।
लेकिन तब तक एक आरोपी बाइक छोड़कर भाग गया। जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हापुड़ एसओ देहात दीक्षित त्यागी ने बताया कि भागे आरोपी युवक के बारे में जानकारी की जा रही है।