कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर के पास गढ़मुक्तेश्वर से दिल्ली की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने नल पर पानी पी रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
तीन घायलों की अस्पताल में हालत नाजुक बताई गई। चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटना शुक्रवार शाम की है। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव मुकीमपुर निवासी शिवकुमार पत्नी मिथलेश,
पांच साल की पुत्री शिवानी और पांच माह की बच्ची आयुषी के साथ बाइक से ससुराल जिला अलीगढ़ के गांव नहरा से लौट रहे थे। गांव निजामपुर से पहले एक हैंडपंप पर वह पीने के लिए रुके।
हैंडपंप पर गांव निजामपुर निवासी प्रशांत, सोनू, आकाश, सचिन भी थे। इसी दौरान गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सभी को कुचल दिया। हादसे के बाद कार एक रिक्शे से टकराकर रुक गई।
दुर्घटना में सभी लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सरस्वती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। सोनू, आकाश और मिथेलश की हालत गंभीर बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि इससे पहले वह सड़क किनारे आम के ठेले और एक चाय के खोखे को भी टक्कर मारकर आई है।
एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। इसके अलावा हाफिजपुर थाना के पास दो बाइकों में भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायल के नाम गौतमबुद्धनगर के थाना झाझर के गांव भीकनपुर निवासी गोलू और सुमित हैं।