हांड़ कंपाऊ ठंड से बहादुरगढ़ के गांव कटीरा जाफराबाद में वृद्ध दंपति की मौत हो गई। मंगलवार रात हुई वृद्धा की मौत के 12 घंटे बाद बुधवार सुबह पति ने भी दम तोड़ दिया।
परिजन जहां दोनों की मौत ठंड से होने का दावा कर रहे हैं वहीं तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इसे मानने से इनकार कर रहा है।
बहादुरगढ़ के गांव कटीरा जाफराबाद में मंगलवार रात करीब 7 बजे वृद्धा चंद्रवती (62) की मौत हो गई। बुधवार सुबह वृद्धा के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी।
इसी बीच चंद्रवती के पति रामफल(65) की तबियत भी बिगड़ गई और सुबह 7 बजे उनकी भी मौत हो गई। महज 12 घंटों के भीतर बुजुर्ग दंपति की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया।
रामफल के एक बेटा और तीन बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। परिजनों का कहना है कि सर्दी की चपेट में आने से बुजुर्ग माता-पिता की मौत हुई है। हालांकि परिजनों ने बिना तहसील प्रशासन को सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।