शराब के नशे में धुत सिपाही ने हंगामा किया
- फोटो : अमर उजाला
शराब के नशे में धुत एक सिपाही ने शनिवार को कचहरी में खूब हंगामा किया। सिपाही के हंगामा करने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस ने सस्पेंड करने के लिए एसपी को रिपोर्ट भेजने की बात कही है।
पुलिस लाइन में तैनात दिनेश नागर तीन दिन पहले ही बहाल हुआ है और वह कैदियों की वैन कचहरी लाने और ले जाने का काम करता है। शनिवार को जिला कारागार से कुछ कैदियों को लेकर वह अन्य सिपाहियों के साथ हापुड़ कचहरी आया था।
इसके बाद उसने छककर शराब पी और जमकर हंगामा किया। इस दौरान नशे में धुत्त सिपाही ने यह भी कहा कि पुलिस अधिकारी दो हजार रुपये लेकर कैदियों की मिलाई कराते हैं। साथ ही पुलिस कर्मियों का उत्पीड़न करते हैं।
सिपाही के हंगामा करते ही मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई और अधिवक्ता भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर सिपाही को मेडिकल के लिए भेजा।
उधर, एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि सिपाही ने शराब के नशे में धुत होकर हंगामा किया है। उसे सस्पेंड करने के लिए एसपी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। सिपाही का सस्पेंड करने का निर्णय उच्चाधिकारियों को लेना है।