बैंक कर्मी बनकर ठगों ने सीए छात्र के अकाउंट से 20 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने ठगों की तलाश शुरू कर दी है। पिलखुवा निवासी तरुण सीए तृतीय वर्ष के स्टूडेंट हैं।
फिलहाल वह साहिबाबाद लोनी रोड स्थित एक इम्पोर्ट एक्सपोर्ट कंपनी में ट्रेनिंग कर रहे हैं। पिछले रविवार को उनके पास एक कॉल आयी। कॉलर ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए तरुण से कहा कि उनका अकाउंट डिएक्टीवेट कर दिया गया है।
दोबारा अकाउंट एक्टीवेट करने के नाम पर युवक ने उनका नाम, पता और डेबिट कार्ड नंबर आदि पूछ लिया। कुछ देर बाद तथाकथित बैंक कर्मी ने फिर तरुण को कॉल करके कहा कि उनके मोबाइल पर एक कोड एसएमएस किया है। तरुण ने वह कोड भी उसे बता दिया।
इसके कुछ ही देर बाद उनके अकाउंट से तीन ट्रांजेशन में 20 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर ली गई। तरुण ने तुरंत ही बैंक के कस्टमर केयर को फोन कर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक करा दिया। पुलिस के अनुसार, ठगों ने पहले उनके अकाउंट से रुपये एक ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट के वोलेट में ट्रांसफर किए।
इसके बाद ऑनलाइन शॉपिंग की। तरुण ने बताया कि शिकायत के एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया है। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।