बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर एक मकान में चोरों ने लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय परिवार छत पर सो रहा था। शनिवार सुबह सामान बिखरा देखा तो चोरी का पता चला। चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में रोष व्याप्त है।
कुचेसर रोड चौपला पर राजीव शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार रात वह अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। रात चोर मकान की दीवार फांदकर घर में घुस आए। चोरों ने एक कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर उसमें से 64 सौ रुपये,
करीब दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात और कीमती कपड़े चोरी कर लिए। चोर ने घर में रखी विद्युत मोटर और दो घरेलू सिलेंडर भी ले गए। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग सोकर नीचे आए तो सामान बिखरा देखकर शोर मचा दिया।
शोर सुनकर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी के जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है। आए दिन चोरी की वारदातों से स्थानीय लोगों में गुस्सा व्याप्त है।
लोगों का कहना है कि दो दिन पूर्व ही कुचेसर रोड चौपला पर बाइक व स्कूटी के शोरूम में लाखों की चोरी हुई है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।