गढ़ के साप्ताहिक पैठ में घरेलू सामान खरीदने आ रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। गढ़ में दिनदहाड़े हुई इस घटना से महिलाओं में दहशत है। हालांकि पुलिस लूट की घटना से इंकार कर रही है।
क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी कमल सिंह की पत्नी मुनेश देवी रविवार दोपहर करीब ढाई बजे गढ़ में लगी साप्ताहिक पैठ से सामान खरीदने आई। वह चौपला पर थ्री व्हीलर से उतर कर पैदल बाजार के लिए चल दी। सब्जी मंडी पार करते ही ईदगाह मार्केट से थोड़ी दूरी पर बाइक सवार दो युवकों ने गोली मारने की धमकी देकर उसे रोक लिया।
बाइकर्स ने उससे कुंडल, चांदी की चेन और पांच सौ रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े लूटपाट की घटना से पैठ में महिलाओं में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन लुटेरों को पकड़ने के बजाए उसे घटना को संदिग्ध बताकर पल्ला झाड़ लिया। एसआई सरवन कुमार गौतम का कहना है कि आसपास के लोगों ने लूट की घटना होने से इंकार किया है।