हापुड़ डिपो की बसों में दिल्ली रोड पर यात्रियों को बिना टिकट सफर कराना दो परिचालकों पर भारी पड़ गया। एआरएम ने औचक जांच के दौरान इन परिचालकों को बेटिकट यात्रा कराते पकड़ लिया। मामले की गंभीरता पर दोनों की संविदा समाप्त कर दी गई है। कार्रवाई से डिपो कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
हापुड़ डिपो से विभिन्न मार्गों पर 110 बसों का संचालन होता है। इनमें दिल्ली मार्ग पर 33 बसें दौड़ती हैं। शनिवार को एआरएम ने दिल्ली रोड पर बसों की औचक जांच की। निरीक्षण में दिल्ली की ओर से आ रही दो बसों में तीन-तीन यात्री बिना टिकट पकड़े गए। जानकारी पर पता चला कि परिचालकों ने उनसे पैसे लेने के बावजूद टिकट नहीं दिए।
मामले की गंभीरता पर एआरएम ने दोनों परिचालक सौरभ और प्रवेश की संविदा समाप्त कर दी। एआरएम की कार्रवाई से डिपो कर्मियों में हड़कंप मच गया। बसों में जांच का अभियान आरएम के निर्देश से चल रहा है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पवार का कहना है कि बसों में बिना टिकट यात्रा करा, राजस्व हानि पहुंचाने वाले कर्मियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। भविष्य में भी इस प्रकार की जांच जारी रहेगी।