पिलखुवा पुलिस ने हाइवे पर सड़क किनारे खड़े थ्री व्हीलर चालक को पीटा। इससे गुस्साए थ्री व्हीलर चालक शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंचे। चालकों का आरोप है कि पुलिस उगाही के बाद भी उत्पीड़न करती है। एसपी के न मिलने पर वह वापस लौट गए।
जानकारी के अनुसार भटौना निवासी नकुल पिलखुवा-हापुड़ के बीच थ्रीव्हीलर चलाता है। शनिवार शाम उसने थ्रीव्हीलर पिलखुवा में सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था। आरोप है कि तभी एक दरोगा वहां पहुंचा। उसने बिना कोई बात किए पीटना शुरू कर दिया। उसे डंडे से बुरी तरह पीटा गया।
दरोगा द्वारा मारपीट को लेकर थ्री व्हीलर चालक भड़क गए। रविवार सुबह बड़ी संख्या में थ्रीव्हीलर चालक हापुड़ पहुंचे और हंगामा किया। एसपी के कार्यालय में न मिलने से वे मायूस हो गए। इसके बाद उन्होंने गढ़ रोड पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग अलग चौकी क्षेत्रों की उगाही की रकम तय की हुई है।
प्रत्येक माह 300 रुपये अलग से एक थ्री व्हीलर से पुलिस द्वारा उगाही के तौर पर लिए जाते हैं। हंगामे को लेकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
प्रदर्शन करने वालों में सलमान, मुकुल, अब्बास, दानिश, राजा, मुकेश, इकबाल, मुनीश आदि शामिल रहे। एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की शिकायत नहीं मिली है। लिखित शिकायत के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।