कोतवाली क्षेत्र के चितौली मोड़ पर 15 अक्तूबर को ताबड़तोड़ फायरिंग कर आरिफ की हत्या करने के मामले में एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार का लिया है। उसने पुलिस को बताया है कि गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते आरिफ की हत्या की गई थी। हत्याकांड के तीन आरोपी अभी भी फरार है।
एसपी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि 15 अक्तूबर को गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर झोझा निवासी आरिफ पुत्र महफूज अपने एक परिचित इकबाल उर्फ शेरू के साथ हापुड़ में आई एक बारात में शामिल होने आया था।
शाम के समय कुछ लोगों ने दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थी। आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। इकबाल गंभीर घायल हुआ था। मामले में मोहम्मद तारिक ने हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया था।
खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। शनिवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव अपनी टीम के साथ वांछितों की तलाश कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरिफ हत्याकांड का एक आरोपी जकी दिल्ली रोड स्थित अपना घर कालोनी से कहीं भागने की फिराक में है।
एसपी ने बताया कि टीम ने आरोपी को दबोच लिया। उसने बताया कि आरिफ के परिवार और उसके परिवार के बीच करीब चार-पांच साल से प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी। रंजिश में दोनों पक्षों से हत्याएं भी हो चुकी हैं।
इसी का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आरिफ की हत्या की। पकड़ा गया आरोपी जकी पुत्र कमाल निवासी अकबरपुर झोझा थाना गुलावठी जिला बुलंदशहर है। उसके पास से पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं। उसके तीन साथी भागे हुए हैं। जिनकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।