सड़क हादसों में तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर
- नेशनल हाइवे पर अज्ञात वाहनों ने दो बाइक को मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रुप से घायल हो गए। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव सरूरपुर के सामने बृहस्पतिवार की देर रात में करीब दो बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने गढ़ की तरफ से जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चला रहे रमाशंकर पाल 28 साल निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा जसवंत पाल गंभीर रूप में घायल हो गया। दूसरा हादसा शुक्रवार की देर शाम करीब पांच बजे ब्रजघाट और टोल प्लाजा के बीच हुआ। जिसमें अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक चला रहे सुनील यादव 20 साल समेत पीछे बैठे सोनू यादव 35 साल निवासी गांव बहरामपुर थाना विजयनगर गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अवधपाल और रोशन लाल गंभीर रूप में घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायलों को गढ़-चौपला के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां परीक्षण के दौरान हालत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने अवधपाल को गंभीर हालत में मेरठ को रेफर कर दिया।
हादसों में जान गंवाने वाले लोग कहां से आ रहे थे? फिलहाल इसकी जानकारी तो नहीं मिल पाई है लेकिन माना जा रहा है कि वे बाहरी स्थानों पर कामकाज अथवा सर्विस करते थे और दशहरा मनाने के मकसद से अपने घरों को लौट रहे थे।