नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत
गढ़मुक्तेश्वर। नवविवाहिता की बृहस्पतिवार तड़के संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा किया और ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं पति ने पत्नी के 15 दिन से बीमार होने की बात कही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव बदरखा निवासी अंकित की पत्नी मधु की बृहस्पतिवार की तड़के में संदिग्ध दशा में मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही जनपद बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव पारौली से मौके पर आए मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे डीएसपी पवन कुमार और इंस्पेक्टर एनके सिंह ने जांच पड़ताल की। मृतका के पिता जगबीर ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उसने अपनी बेटी मधु की दस जुलाई को गढ़ क्षेत्र के गांव बदरखा निवासी सतीश के बेटे अंकित कुमार के साथ शादी की थी। आरोप है कि दामाद समेत उसके परिजन पिछले कई दिनों से उसकी बेटी को दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित कर रहे थे। वहीं अंकित का कहना है कि उसकी पत्नी मधु पिछले 15 दिनों से बीमार चल रही थी। गढ़ के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने मधु को घर भेज दिया था। बृहस्पतिवार सुबह वह शौच करने गया तो पत्नी बाथरूम में बेहोश हालत में पड़ी हुई थी। आनन फानन में निजी चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई तो उसने मधु को मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मृतका के पति, ससुर, सास, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।