कालेज में एडमिशन कराकर लौट रही छात्रा से छेड़छाड़
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक कॉलेज में बृहस्पतिवार को कक्षा दस में एडमिशन कराकर लौट रही छात्रा से रास्ते में युवक ने अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक ने बाइक की साइड मारकर छात्रा की साइकिल भी गिरा दी, जिससे छात्रा घायल हो गई।
लोगों ने आरोपी को पकड़कर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली छात्रा पास के गांव में स्थित इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को दसवीं में एडमिशन कराने के लिए गई थी।
एडमिशन कराने के बाद छात्रा साइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव भदस्याना का रहने वाला फईमुद्दीन बाइक से वहां पहुंचा। उसने छात्रा पर अश्लील फब्तियां कसते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी।
इसका विरोध करने पर आरोपी ने बाइक की साइड मारकर छात्रा की साइकिल भी गिरा दी, जिससे छात्रा घायल हो गई। हंगामा होने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को दबोच लिया और धुनाई करते हुए पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के भाई ने आरोपी को नामजद करते हुए तहरीर दी है। एसओ रवि रतन ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।