धर्मशाला पर अवैध कब्जे के मामले में डीएम से मिले संत
हापुड़। ब्रजघाट स्थित लक्ष्मणदास गरीबदास अवधूत आश्रम के स्वामी ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने आश्रम पर अवैध कब्जा करने और उन्हें समर्थन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए एआईजी स्टांप को आश्रम की रजिस्ट्री की जांच के आदेश दिए हैं।
ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि एक संगठन के साथ मिलकर कुछ लोगों द्वारा उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। हाल ही में लक्ष्मणदास गरीबदास अवधूत आश्रम को एक व्यक्ति ने फर्जी बैनामा कराकर अपना बनाने की कोशिश की। जबकि उसके असली मालिक वे खुद हैं। ब्रह्मस्वरूप शास्त्री ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर उन्हें आश्रम से बाहर निकाल दिया। आश्रम के ताले तोड़कर करीब सात लाख रुपये का माल लूट लिया। ब्रह्मस्वरूप ने कहा कि आश्रम को खाली कराया जाए और आरोपियों के खिलाफ भू माफिया के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इस प्रकरण के चलते संतों को जान का खतरा सता रहा है। जिलाधिकारी ने एआईजी स्टांप को रजिस्ट्री के संबंध में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।