बेटों की बेरुखी से तंग अधेड़ महिला गंगा में कूदी
गढ़मुक्तेश्वर। बेटों की बेरुखी से तंग चल रही अधेड़ महिला ने खुदकुशी करने की नियत से गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन नाव चलाने वाले मल्लाहों ने अथक कोशिश के बाद उसकी जान बचा ली।
ब्रजघाट तीर्थनगरी में मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे एक 57 वर्षीय अधेड़ महिला घूम रही थी। मौका मिलते ही किनारे पर खड़ी नाव में चढ़ गई और गंगा की जलधारा में छलांग लगा दी। आसपास में डुबकी लगा रहे लोगों ने यह मंजर देखते ही शोर मचा दिया, जिसे सुनकर गणेश समेत नाव चलाने वाले कई मल्लाहों ने गंगा में छलांग लगा दी और अथक कोशिश के बाद गंगा में डूब रही महिला को जीवित बचा लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र की रहने वाली है और दो बेटों की मां है, लेकिन बेटे और उनकी बहू पेट के दर्द की बीमारी का इलाज कराने की बजाए ताने देकर प्रताड़ित करते रहे हैं। जिससे तंग होकर उसने खुदकुशी करने की नियत से गंगा में छलांग लगाई थी, लेकिन किस्मत यहां भी दगा दे गई। बाद में लोगों की सूचना पर आए दोनों बेटे इलाज कराने और भविष्य में कोई भी उपेक्षा न करने का भरोसा देकर अपनी मां को साथ ले गए।