बैंक में कैश जमा करने आए युवक से 22 हजार ठगे
हापुड़। गढ़ रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में कैश जमा करने आए एक युवक को फार्म भरने की जानकारी देने के बहाने दो युवकों ने 22 हजार रुपये जेब से निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस बैंक की सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
जानकारी के अनुसार हरजसपुरा निवासी कपिल रेलवे रोड स्थित एक लोहे ही दुकान पर नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर मालिक ने कपिल को 22 हजार रुपये पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने के लिए दिये थे। वह बैंक में पहुंचा तो यहां मौजूद दो युवकों ने फार्म भरने की जानकारी देकर उसे बातों में लगा दिया। इसी दौरान इन युवकों ने उसकी जेब में रखे 22 हजार रुपये निकाल लिये और फरार हो गए। कैश काउंटर पर पहुंचने के बाद पीड़ित को रुपये निकाले जाने का एहसास हुआ। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गयी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपियों के बारे में जानकारी की। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।