देहात थाना क्षेत्र स्थित मेरठ रोड पर किठौर मोड़ के पास सोमवार को आबकारी विभाग ने एक ट्रक में लदी 1036 पेटी अवैध शराब बरामद कर तीन लोगों को धर दबोचा। पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत तकरीबन 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आबकारी विभाग के निरीक्षक हरिओम सिंह को सूचना मिली की शराब से लदा एक ट्रक मेरठ की ओर से हापुड़ आ रहा है। इस सूचना के आधार पर आबकारी पुलिस ने किठौर मोड़ पर घेराबंदी की।
मेरठ की ओर से आ रहे एक ट्रक को पुलिस ने रोका, तलाशी लेने पर ट्रक से 1036 पेटी अवैध शराब मिली। मौके से तीन शराब तस्करों को पकड़ा गया। पकड़े गए तस्करों में शौकीन व उसका भाई शमून निवासी गांव काटरा थाना गंगोह
सहारनपुर व उमेर निवासी गांव दूधागढ़ थाना चिलकाना सहारनपुर हैं। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि यह शराब को चंडीगढ़ से लेकर अरुणाचल प्रदेश जा रहे थे।
उधर, आबकारी निरीक्षक हरिओम सिंह ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनसे बरामद शराब की कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। ये शराब चुनाव में खपत के लिए लाई जा रही थी।