बांस के गोदाम में लगी भीषण आग
हापुड़। गढ़ रोड स्थित एलएन पब्लिक स्कूल रोड के पास सोमवार रात करीब आठ बजे अचानक बांस के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी तथा आग बुझाने में जुट गए। आशंका जताई जा रही है कि किसी उपद्रवी ने आग लगाई है। दमकल कर्मियों के अनुसार बांसों पर मिट्टी का तेल छिड़का मिला है। वहीं आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है।
हापुड़ के पन्ना पुरी निवासी विकास बंसल की झब्बो मल जयंती प्रसाद के नाम से बांस की फर्म हैं। गढ़ रोड पर ही उनकी दुकान है जबकि एलएन स्कूल के पास उनका गोदाम बना हुआ है। सोमवार रात करीब आठ बजे उनके गोदाम से आग की लपटें उठती देख लोगों ने उन्हें सूचना दी।
सूचना पर उन्होंने दमकल विभाग को जानकारी दी और मौके पर पहुंचकर सबमर्सिबल की मदद से आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग बढ़ती चली गई। काफी देर बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों की मानें तो बांसों के ऊपर से मिट्टी का तेल छिड़का मिला है। आशंका है कि किसी ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाई होगी। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया गया था। पिलखुवा से फायर ब्रिगेड़ की दूसरी गाड़ी भी बुलवायी गयी थी।