दो लाख रुपये न मिलने पर परिवार को बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। फर्जी मुकदमे को निरस्त कराने के बाद भी महिला दो लाख की रकम न मिलने पर युवक समेत उसके परिवार को बर्बाद कराने की धमकी दे रही है। युवक के पिता ने एसपी को दुखड़ा सुना न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
सिंभावली के हरोड़ा मोड़ पर रहने वाले बुंदू खां पुत्र शमशेर ने एसपी हापुड़ को अपना दुखड़ा सुनाया है, जिसका कहना है कि क्षेत्र के एक गांव की महिला ने उसके बेटे सलमान के खिलाफ 2017 में आईपीसी की धारा 376, 504, 506 समेत एससी एक्ट का केस थाना सिंभावली में दर्ज कराया था। पुलिस ने महिला को अदालत में पेश कर धारा 164 के बयान दर्ज कराए तो उसने अपनी एफआईआर में लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताकर सिरे से खारिज कर दिया था। बुंदू खां का कहना है कि उक्त महिला फिर से कुछ दलाल प्रवृत्ति के लोगों के चंगुल में फंस गई है, जिसने आठ जनवरी को घर आकर गाली गलौज कर धमकी दी है कि अगर दो लाख की रकम नहीं दी तो वह बेटे सलमान को फिर से झूठे मामले में फंसाकर परिवार को बर्बाद कर देगी। बुंदू खां ने धमकी दे रही महिला के खिलाफ कार्रवाई कराने के साथ ही अपने परिवार की सुरक्षा कराने की गुहार भी लगाई है। एसआई सरवन कुमार गौतम का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कराकर आगे की कार्र्रवाई की जाएगी।