युवक ने ससुराल पक्ष पर लगाया बंधक बनाने का आरोप
हापुड़। नगर के मोहल्ला चमरी निवासी एक युवक पिछले पांच दिन से लापता था। रविवार को कोतवाली पहुंचे परिजनों ने गाजियाबाद निवासी ससुरालियों पर बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। पुलिस मामले को आपसी विवाद बता रही है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला चमरी निवासी शहजाद पुत्र इकरामुद्दीन का दो साल पहले गाजियाबाद निवासी युवती के साथ विवाह हुआ था। उसकी छह माह की पुत्री भी है। युवक के साथ कोतवाली पहुंचे परिजनों ने बताया कि पांच दिन पहले शहजाद अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन ससुराल वालों ने विवाद के कारण उसे बंधक बना लिया। युवक को ढूंढने के लिए ससुराल पक्ष पर दबाव बनाया गया तो शनिवार रात वे लोग उसे गुलावठी के जंगल में हाथ पैर बांधकर फेंक गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर युवक अपने घर पहुंचा। परिजनों ने कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि युवक ससुराल गया था, लेकिन अपना सामान छोड़कर खुद ही चला गया। वैसे भी पूरा मामला गाजियाबाद का है, इसलिए उसे संबंधित थाने में शिकायत के लिए भेजा गया है।