रोडवेज से अनुबंधित बस पलटी, पांच लोग गंभीर
हापुड़। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के हापुड़ डिपो से अनुबंधित एक बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिलखुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोनाड कट के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बाकी यात्रियों को मामूली चोट आईं है।
पुलिस के अनुसार हापुड़ डिपो से अनुबंधित बस संख्या यूपी-17 टी/7643 बुधवार सुबह नोएडा से हापुड़ आ रही थी। पिलखुवा से निकलने के बाद उक्त बस जैसे ही मोनाड विश्वविद्यालय को जाने वाले रास्ते के कट पर पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में पलट गई।
बताया गया कि इस हादसे के होते ही बस सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। दरअसल बस के पलटने से यात्री एक दूसरे के ऊपर जा गिरे जिससे वह घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल होने वालों में नूरपर के रहमान, चैनापुरी की वैशाली, मसूरी की मोहसिना, पिलखुवा का सौरभ और नोएडा की रेनु यादव शामिल हैं जिन्हें पुलिस ने सरस्वती कालेज ले जाकर भर्ती कराया है। पुलिस ने मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से भिजवा दिया।