हाईवे किनारे खड़े कैंटर से रोडवेज बस टकराई
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कौशांबी डिपो की एक बस सड़क किनारे खड़े चीनी से भरे कैंटर से टकरा गई। इससे बस में सवार डेढ़ दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कौशांबी डिपो की एक बस बुधवार की तड़के बरेली से गाजियाबाद सवारी लेकर जा रही थी। जैसे ही बस नेशनल हाईवे पर सिंभावली क्षेत्र में थाने से 100 मीटर आगे पहुंची, तो अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खड़े चीनी से भरे एक कैंटर से जा टकराई। घटना के समय अधिकांश सवारियां नींद में थीं। टक्कर होते ही सवारियां सीट से नीचे जा गिरी और बस में चीख-पुकार मच गई। हादसे में खुशनूरजंहा, इरशाद, इरफान निवासी जट्टो रोड पानीपत, शोभा सक्सेना, सतीश सक्सेना निवासी लवली मार्केट बरेली, विशाल गुप्ता निवासी तिलहन, सहारनपुर समेत करीब डेढ़ दर्जन सवारियां घायल हो गईं। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से अधिकांश सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के लिए रवाना कर दिया गया है। इंस्पेक्टर दिनेश यादव ने बताया कि बस और कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है।