लकड़ी ठेकेदार की हत्या कर शव नहर पटरी पर फेंका
गढ़मुक्तेश्वर। गांव भोवापुर निवासी लकड़ी ठेकेदार की हत्या कर शव को गांव हरौड़ा के पास नहर पटरी पर फेंक दिया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव से करीब आठ सौ मीटर दूर मृतक की बाइक तथा एक चप्पल पड़ी थी। हादसे के बाद मृतक परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी शेरखान उर्फ शेरू (38) लकड़ी कारोबारी था। मंगलवार को शेरखान लकड़ी खरीदने के लिए जनपद बुलंदशहर के स्याना गया था जो देर शाम तक भी घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिजनों ने शेरू की तलाश शुरू की। इसी बीच मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को गांव हरौड़ा के पास नहर पर एक शव दिखाई दिया। मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब में मिली पर्ची से उसकी पहचान हो सकी। पर्ची पर लिखे मोबाइल नंबर पर जानकारी की गई तो मृतक की शिनाख्त शेरखान के रूप में हुई। वहीं शेरखान का कुछ पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उसके बाद पुलिस कर्मियों ने शव के बारे में जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने भी मृतक की शिनाख्त शेरू के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की बाइक और एक चप्पल घटनास्थल से करीब आठ सौ मीटर दूर झाड़ियों में मिली। मौके पर खून का कोई निशान नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह एसपी संकल्प शर्मा और सीओ संतोष मिश्रा घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को मामले का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है। मृतक चार लड़कियों और एक लड़के का पिता है। मृतक के चाचा शब्बीर ने घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिनेश यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रथम दृष्टया सिर में लगी चोट के कारण शेरखान की मौत हुई है या किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को वहां फेंका गया है, जांच जारी है।