युवती से छेड़छाड़ को लेकर मारपीट
-शुक्रवार को बाबूगढ़ के गांव गोहरा में स्कूल में कार्यक्रम के दौरान की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर के स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक युवती से कुछ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। इस पर दो पक्षों के लोगों में जमकर मारपीट हुई।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर स्थित एक स्कूल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक व देश भक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने एक युवती के साथ-साथ छेड़छाड़ कर दी।
युवती ने इस बारे में अपने परिजनों को बताया जो युवकों की शिकायत करने उनके घर पहुंच गए। वहां युवकों के परिजनों ने उनके साथ अभद्रता कर दी। मामला इतना बढ़ा कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। विवाद होता देख किसी ने फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को किसी तरह से शांत कराया। हालांकि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। चौकी प्रभारी जयपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों के बीच आपसी समझौता हो गया। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।