आईपीएल के सट्टे ने बाइक बिकवाई
गढ़मुक्तेश्वर। आईपीएल मैच का जहां क्रिकेट प्रेमी जमकर लुत्फ उठा रहे हैं, वहीं इन मैचों की हार जीत पर सट्टे का बाजार भी गर्म है। सट्टा खेलने वाले इस कदर रम गए हैं कि जो मेहनत से कमाया है उसे भी दांव पर लगा रहे हैं। बुधवार को हैदराबाद टीम की हार होने पर युवक को बाइक बेचने को मजबूर होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात दिल्ली कैपिटल टीम के हाथों हैदराबाद टीम की हार होने पर एक युवक तीस हजार की शर्त हार गया, जिसे जेब में पैसा न होने पर मजबूरी में बाइक बेचकर रकम अदा करनी पड़ी। जिसका पता लगते ही परिजन आग बबूला हो उठे, हालांकि समाज में बदनामी के डर से उन्हें चुप्पी साधने को मजबूर होना पड़ा।
सीओ अशोक शुक्ल का कहना है कि सट्टेबाजी पूरी तरह गैरकानूनी है, जिसमें संलिप्त होने वालों की निगरानी कराकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।