उगाही कर रहे यूपी-100 के तीन पुलिसकर्मी निलंबित
हापुड़। मेरठ रोड पर असौड़ा पुलिया के पास पशुओं से लदे वाहनों से उगाही कर रहे यूपी-100 पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को एसपी संकल्प शर्मा ने निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के भी आदेश दिए गए हैं। शनिवार को पुलिस कर्मियों का उगाही करते हुए वीडियो वायरल हो गया था। इसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
शनिवार को मेरठ रोड पर यूपी-100 की पीआरवी-तीन की तैनाती मेरठ रोड असौड़ा की पुलिया के पास थी। इस पर मुख्य आरक्षी राजेश शर्मा, आरक्षी हरेंद्र कुमार और आरक्षी राहुल कुमार तैनात थे। इस दौरान तीनों पुलिस कर्मियों ने मेरठ की तरफ जा रहे पशुओं से लदे वाहनों को रोककर उनसे उगाही करना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों की सेटिंग इतनी जबरदस्त थी कि वाहन हल्का सा इशारा पाते ही खुद धीमे हो जाते और पुलिसकर्मियों को नोट थमाकर चलते बनते।
इस दौरान किसी ने पुलिस कर्मियों की पैसे लेते हुए वीडियो बना ली। थोड़ी देर बाद ही यह वीडियो वायरल हो गई। अमर उजाला द्वारा भी इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इस मामले में एसपी संकल्प शर्मा ने पूरे मामले की जांच सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह को सौंप दी थी। रविवार सुबह सीओ सिटी ने अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के भी आदेश दिए हैं। एसपी ने कहा कि उगाही करने का मामला बेहद गंभीर था। इस प्रकार का कृत्य किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।