मानसिक रूप से परेशान महिला लापता
गढ़मुक्तेश्वर। गांव शेरपुर से मानसिक रूप से परेशान महिला 15 हजार रुपये लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। उसके पति ने तहरीर देकर बरामदगी की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी इकबाल ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर दी है। उसका कहना है कि वह कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पत्नी परवीन बीमारी के चलते मानसिक रूप से परेशान है। इकबाल ने बताया कि 27 फरवरी को वह फेरी लगाने गया था। शाम को घर लौटने पर पत्नी का कुछ पता नहीं चला तो उसने पड़ोस में जानकारी की। पड़ोस में रहने वाले बच्चों ने बताया कि दोपहर को वह दिल्ली जाने के लिए कहकर घर से निकली थी। पीड़ित ने बताया कि घर में रखी 15 हजार रुपये की नकदी भी गायब मिली। पीड़ित ने पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। एसओ जयपाल सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है।