दहेज के लिए महिला की हत्या का प्रयास
-पति ने सिर में ईंट मारी, गला भी दबाने का किया प्रयास
- एसपी ने मामले की जांच कराने का दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव असौड़ा स्थित एक डेयरी पर रहकर मजदूरी कर रही महिला की देहज लोभी पति ने हत्या का प्रयास किया। महिला के सिर में ईंट मार दी और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। बृहस्पतिवार को महिला ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई।
शिकायत में नीलम ने बताया कि वह मूलरूप से जिला सीतापुर के गांव जहुरा बेहड थाना तंबोर की रहने वाली है। पिछले छह सालों से वह अपने पति के साथ गांव असौड़ा में एक डेयरी पर मजदूरी करती थी। उसका पति शराब का आदी है और आये दिन उसके साथ मारपीट करता है। इस बात की जानकारी उसने अपनी सास को दी तो सास ने दहेज में एक लाख रुपये, सोने के आभूषण लाने का दबाव बनाया। इसी बात को लेकर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि 22 अक्तूबर की रात उसका पति शराब के नशे में धुत होकर आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसके सिर में ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया और इसके बाद उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। शोर सुनकर एकत्र हुए लोगों ने जैसे तैसे उसे बचाया। इसके बाद उसे घर से निकालकर मायके भेज दिया गया। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।