करंट लगने से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत
गढ़मुक्तेश्वर। बिजली ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ने के दौरान करंट लगने से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दो संविदा कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिजली संविदा कर्मियों के साथ सहायक के रूप में काम करने वाला नन्हू चौहान शुक्रवार की दोपहर को अपने गांव शाहपुर चौधरी में कटार सिंह के घर के पास ट्रांसफार्मर से लीड जोड़ रहा था। लेकिन इसी बीच अचानक सप्लाई आने से करंट लगने पर वह बुरी तरह झुलस गया था, जिसे परिजनों समेत ग्रामीण आनन फानन में गढ़ चौपला के निजी अस्पताल में ले आए थे। हालत नाजुक होती देख चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के चिकित्सकों ने भी उसे दिल्ली अस्पताल को रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान नन्हू चौहान 40 साल की मौत हो गई। मृतक के चार बच्चों का पिता था। मृतक के भाई धर्मवीर ने गढ़ कोतवाली में दो बिजली संविदा कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी संविदा कर्मचारियों ने मोबाइल से शट डाउन लेने की बात कही और नन्हू चौहान को ट्रांसफार्मर से लीड जोड़ने के काम में लगा दिया था, जिस कारण उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया है कि आरोपी रंजिश भी मानते थे। इंस्पेक्टर एनके सिंह का कहना है कि बिजली करंट से झुलसकर जान गंवाने वाले नन्हू चौहान के भाई धर्मवीर की तहरीर पर दो संविदा कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई हो पाएगी।