मेरठ के जंगल में बेहोशी की हालत में मिला अगवा छात्र
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कोटा हरनाथपुर से दो दिन पूर्व अगवा किया कक्षा 12वीं का छात्र रविवार को मेरठ के मऊखास स्थित जंगल में बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों ने संबंधित चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोटा हरनाथपुर निवासी नितिन प्रजापति 12वीं का छात्र है। दो दिन पहले दोपहर करीब तीन बजे वह घर से किताब खरीदने के लिए किठौर की ओर जा रहा था। जब वह गांव के बाहर पहुंचा तो पीछे से आए वैन सवार कुछ युवकों ने उससे किठौर जाने का रास्ता पूछा। इसी बीच गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति ने उसे नशीला रुमाल सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपित वैन सवार छात्र को अपने साथ अगवा करके ले गए। जहां लुटेरों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी जेब में रखे छह सौ रुपये लूट लिए। इसके बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में एक जंगल में छोड़कर फरार हो गए। देर शाम करीब साढ़े सात बजे नितिन को होश आया तो स्वयं को जंगल में पाकर उसने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में परिजन मेरठ रवाना हुए। छात्र को सकुशल पाकर उनकी जान में जान आई। परिजनों ने मऊखास चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एएसपी राम मोहन सिंह का कहना है कि छात्र को अगवा करने का मामला गंभीर है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।