छात्रों के दो गुटों में संघर्ष, एक का सिर फूटा
- मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर भाग गए छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित एक इंटर कॉलेज के छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। छात्रों में जमकर लात, घूंसे और बेल्ट चली। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए। एक छात्र सिर में बेल्ट लगने से लहूलुहान हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर छात्र भाग गए।
शुक्रवार दोपहर दिल्ली रोड स्थित एसएसवी इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों की आपस में किसी बात को लेकर कॉलेज परिसर में ही कहासुनी हो गई। विवाद होता देख अन्य छात्रों ने दोनों गुटों में समझौता करा मामले को शांत करा दिया। मगर, छुट्टी के बाद कॉलेज के बाहर आने के बाद दोनों गुट एक बार फिर आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। छात्रों में बेल्ट, डंडे आदि से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। एक छात्र सिर में बेल्ट लगने से लहूलुहान हो गए। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आता देख दोनों गुटों के छात्र वहां से भाग गए। विवाद में घायल हुए छात्र को पुलिस ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसआई गोपाल शर्मा ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।