हाईटेंशन लाइन से छुआ ओवर लोड ट्राला, लगी आग
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत कुचेसर रोड चौपला पर सोमवार सुबह गन्ने से लदा एक ओवर लोड ट्राला हाईटेंशन लाइन के तार के संपर्क में आ गया। इससे उसमें चिंगारियां निकलने लगी, जिससे उसमें आग लग गई। चालक ने ट्रॉला से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नली हुसैनपुर निवासी लीलू सोमवार को गन्ने से लदा ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्रॉला लेकर सिंभावली शुगर मिल जा रहा था। कुचेसर रोड चौपला के पास पहुंचने ट्रॉला ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन के तार से टच हो गया। इस कारण गन्ने में आग लग गई। आनन-फानन में चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। ट्राले में आग लगती देखकर मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों ने फोन कर फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।