गश्त के दौरान पुलिस ने दो बदमाश दबोचे
गढ़मुक्तेश्वर। लूटपाट करने की फिराक में घूम रहे दो बदमाशों को पुलिस ने तमंचे और कारतूस समेत दबोच लिया। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन मुकदमे भी दर्ज हैं।
बहादुरगढ़ पुलिस ने सोमवार देर रात में गश्त के दौरान डेहरा कुटी से वैट को जाने वाले रास्ते पर लुहारी चौराहे के पास बिना नंबर वाली यामहा बाइक को संदेह होने पर रोक लिया। इस पर सवार दो युवकों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से चोरी बिजली के तार के बंडल समेत दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। एसओ जयपाल रावत ने बताया कि चोरी बिजली तार के बंडल, तमंचे और कारतूस समेत पकड़े गए बदमाशों में सुलेमान निवासी शेरपुर और भूरा पलवाड़ा शामिल हैं, जिनसे बरमाद बिना नंबर वाली बाइक की जांच की जा रही है। एसओ ने बताया कि पकड़ में आए दोनों युवक शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ बहादुरगढ़, स्याना, बुलंदशहर समेत विभिन्न थानों में कई संगीन मामलों समेत 17 मुकदमे दर्ज हैं।