पुलिस ने गोमांस समेत तीन दबोचे, पांच फरार
- एक क्विंटल मांस समेत पशु काटने के उपकरण बरामद
- पुलिस ने नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर गाय और भैंस के मिश्रित मांस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके पांच साथी भाग गए। पुलिस ने मांस के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
गढ़ कोतवाली प्रभारी एनके सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 11 बजे गश्त के दौरान एसआई बिजेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग मोहल्ला दरगाह शरीफ में महबूब की दुकान पर गोमांस की बिक्री कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना के बाद बिजेंद्र सिंह ने टीम को साथ लेकर उक्त दुकान पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखकर दुकान पर मौजूद पांच लोग भाग गए। जबकि टीम ने घेराबंदी कर दुकानदार समेत तीन लोगों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपियों से करीब एक क्विंटल गाय और भैंस का मिश्रित मांस समेत पशु कटान में प्रयोग होने वाले उपकरण, तराजू और बाट बरामद हुए हैं। पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपने नाम माजिद, सलमान निवासी आदर्श नगर और महबूब निवासी दरगाह शरीफ बताए हैं। आरोपियों ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गाय और भैंस के मिश्रित मांस की बिक्री कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम को देखकर उनके साथी भाग गए। उन्होंने अपने फरार साथियों के नाम इमामुद्दीन, साबू, दानिश, राजू निवासी मौहल्ला मदरसा और अमजद निवासी गांव अल्लाबख्शपुर बताए हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बरामद मांस में से नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवा दिए गए हैं। बाकी मांस को गड्ढा खुदवाकर दबा दिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जिन्हें न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।