बच्चों के मामूली विवाद में भिड़े दो पक्ष, मारपीट
हापुड़। बाबूगढ थाना क्षेत्र के गांव छतनौरा में घर के बाहर खेल रहे बच्चों में किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गयी। आरोप है कि एक पक्ष ने शिक्षक के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी। जबकि दूसरे पक्ष ने बच्चे से कुकर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव छतनौरा में सोमवार शाम कुछ बच्चे घरों के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों में खेल खेल में मारपीट हो गयी। बच्चों ने इस बात की शिकायत अपने अपने घरों पर की तो दोनों पक्ष इस मामूली सी बात को लेकर आमने सामने आ गये और मारपीट शुरू हो गयी। एक पक्ष से शिक्षक ने आरोप लगाया है कि जब उसकी पत्नी मामले की शिकायत करने के लिए मारपीट करने वाले बच्चे के घर गयी तो बच्चे के परिजन भड़क गए। दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके घर में घुसकर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ भी की।
जबकि दूसरे पक्ष का आरोप है कि उनका सात वर्षीय मासूम बालक घर में पढ़ रहा था और तभी शिक्षक के साले का पुत्र वहां आया और उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर बालक की मां के साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।