ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को साइड मारी, बच्ची की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राली की साइड लगने से बाइक पर जा रही महिला की गोद से डेढ़ साल की बच्ची गिर गई जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उसकी मां समेत बाइक चालक गंभीर रूप में घायल हो गया।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव भैना की सीमा खातून की शादी जनपद बुलंदशहर के कस्बा स्याना के जहीर खां के साथ हुई थी। इन दिनों वह अपने मायके आई हुई थी। सीमा खातून अपनी डेढ़ साल की बेटी माही को लेकर शुक्रवार दोपहर को गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर में एक हकीम से दवा लेने आ रही थी। इस दौरान वह स्याना चौपला पर बस से उतर गई। वाहन के इंतजार के दौरान स्याना के पिंटू ने महिला और उसकी बेटी को अपनी बाइक पर बैठा लिया। नेशनल हाईवे के कट को पार करने के दौरान फिलिंग स्टेशन के पास बाइक में ट्रैक्टर ट्राली की साइड लग गई, जिससे तेज का झटका लगने पर डेढ़ साल की बच्ची माही अपनी मां की गोद से हाईवे की सड़क पर गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में महिला समेत बाइक चालक पिंटू भी घायल हो गया, जिन्हें राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। ब्रजघाट चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी भी कार्रवाई के बिना बच्ची का शव सौंप दिया है।