दहेज न मिलने पर ससुर ने किया दुष्कर्म का प्रयास
हापुड़। गढ़मुक्तेश्वर निवासी एक महिला ने दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुर पर दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया है। इसके अलावा महिला का कहना है कि ससुरालियों ने उसे मारपीट करते हुए घर से भी निकाल दिया। महिला ने एएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को एएसपी कार्यालय पहुंची गढ़मुक्तेश्वर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2017 में मेरठ निवासी युवक से हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने काफी दान दहेज दिया। मगर, निकाह के बाद से ही उसके ससुराली उस पर घर से एक लाख रुपये व कार लाने का दबाव बनाने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ ससुरालियों ने मारपीट कर दी। महिला का आरोप है कि 30 जनवरी को वह अपने कमरे में आराम कर रही थी। तभी उसका ससुर उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह भाग गया। ससुरालियों से मामले की शिकायत करने पर उन्होंने महिला को घर से बाहर निकाल दिया। गढ़ पुलिस ने इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की। थककर शुक्रवार को महिला एएसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की। एएसपी राम मोहन सिंह का कहना है कि महिला थाने को मामले में कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।