मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष
हापुड़। थाना देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सलाई में बुधवार रात मामूली बात को लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। विवाद में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार गांव सलाई निवासी अखलाक बुधवार रात वह अपनी घर के चबूतरे पर लेटा हुआ था। उसके पड़ोस में रहने वाले नन्हें खां के परिवार के एक बच्चे ने मखौल करते हुए उसे खींचकर नीचे गिरा दिया। अखलाक इसकी शिकायत बच्चे के परिजनों से करने पहुंचा, तो वहां परिजनों से उसकी कहासुनी हो गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद बच्चे के परिजन लोग कुछ लोगों के साथ हाथों में धारदार हथियार लेकर अखलाक के घर पर पहुंच गए। उक्त दबंगों ने पीड़ित के घर में घुसकर वहां मौजूद लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई। गनीमत रही कि जान माल की हानि नहीं हुयी। संघर्ष में अखलाक, अब्दुल वारी, बाबू, राशिद, हिबजुर, अब्दुल व रहमान उर्फ भूरे घायल हो गए। मौके पर पहुंची ने घायलों को नगर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बाबू की हालत गंभीर देखकर उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। थाना हापुड़ देहात प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि मामला दो पक्षों के बीच मारपीट का है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।