सड़क हादसों में सात घायल, एक रेफर
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में महिला समेत सात लोग घायल हो गए। जिनमें से एक युवक को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
गाजियाबाद निवासी रामअवतार बुधवार को अपनी बेटी रेणुका के साथ बाइक से सिंभावली आ रहा था। हाइवे पर गांव सिखैड़ा के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को साइड मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और बाइक सवार दंपति घायल हो गए। वहीं अमरोहा क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी इमरान और आबिद किसी काम से गढ़ आए थे। जहां से वापस लौटने के दौरान गांव अल्लाबख्शपुर के निकट टोल प्लाजा पर आबिद बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक फिसल गई। जिससे दोनों युवक घायल हो गए। तीसरी घटना में मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी रोहित, निजाम और राहुल कार से गजरौला जा रहे थे। गढ़-मेरठ रोड पर गांव पोपाई के निकट अचानक कार के सामने आए साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में रोहित ने तेजी से ब्रेक लगाए। जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। घटना में कार सवार तीनों दोस्त घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अलग-अलग नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने राहुल को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।