अनियंत्रित होकर ट्रक हाईवे किनारे पलटा
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट चैक पोस्ट के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रक चालक और क्लीनर घायल हो गए। घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
जनपद मुरादाबाद निवासी सतेंद्र ट्रक चालक है, जो मंगलवार की शाम क्लीनर भूरे निवासी चांदपुर के साथ दिल्ली से ट्रक में स्पेयर पार्ट्स भरकर मुरादाबाद के लिए चला था। रात करीब दो बजे नेशनल हाईवे पर ब्रजघाट चैक पोस्ट के निकट सतेंद्र ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार ट्रक हाईवे किनारे खाई में पलट गया। घटना में ट्रक चालक और क्लीनर घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक और क्लीनर को बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया। देर रात की घटना होने के चलते हाईवे पर यातायात कम था, जिसके चलते बड़ी घटना होने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था।