बाइक हाईवे किनारे खड़ी क्रेन से टकराई, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रेन में जा घुसी। घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना ककोड़ क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय बंटी मंगलवार को जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के गांव खाद गुर्जर अपनी बहन के घर गया था। जो मंगलवार देर शाम बाइक से ककोड़ वापस लौट रहा था। ब्रजघाट चौकी क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर के निकट अचानक बंटी बाइक से नियंत्रण खो बैठा और बाइक सड़क किनारे खड़ी क्रेन में जा घुसी, जिससे बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। वहीं शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने बताया कि मृतक के जीजा सुरेंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।