पुरानी रंजिश के चलते युवकों को पीटा
गढ़मुक्तेश्वर। मोहल्ला सेगेवाला में पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने दो लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गढ़ नगर के मोहल्ला सेगेवाला निवासी संजीव कुमार ने सोमवार को थाने में तहरीर दी है। बताया कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने परिजनों के साथ घर में बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सोनू, मोनू, मनीष, विकास समेत एक महिला और उनके दो साथी उसके घर में घुस आए और उसके भाई राकेश के बारे में पूछताछ की, जो घर पर नहीं था। इसके बाद मोनू ने फोन कर राकेश को घर बुला लिया। उसके घर पहुंचते ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि बीच बचाव की कोशिश करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। हंगामा होने पर मोहल्ले के लोगों को आते देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। राकेश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।