बिजली निगम के संविदा कर्मियों की हड़ताल के चलते शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे फाल्ट आने के कारण दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर के दो फीडर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक बाधित रहे,
जिसके चलते हजारों घरों की बिजली गुल रही। त्योहार के सीजन में बिजली कटौती से लोगों को पानी संकट का भी सामना करना पड़ा। दिल्ली रोड बिजलीघर के 5एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर से फीडर नंबर-1और तीन को आपूर्ति मिलती है।
बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से दोनों फीडर ठप हो गए। इसके चलते आर्यनगर, जवाहरगंज, त्रिवेणीगंज, दादाबाड़ी, छज्जुपुरा, महेशपुरी, गोपीपुरा, कसेरठ बाजार, माता मोहल्ला, जैन लोक, मोहल्ला खाई समेत गढ़ रोड के हजारों घरों की बिजली गुल हो गई।
बिजली गुल होने के चलते शुक्रवार सुबह लोगों की पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा। वहीं, अधिशासी अभियंता पीके गौतम ने बताया कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट की वजह से समस्या हुई थी। शुक्रवार दोपहर 12 बजे फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।