आशीष हत्याकांड: दो और आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
गढ़मुक्तेश्वर। गांव अल्ला अल्लाबख्शपुर के जंगल में हुई ऑटो चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गढ़ क्षेत्र में स्याना रोड पर गांव अल्लाबख्शपुर के जंगल में पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में 15 सितंबर की रात गढ़ ऑटो चालक की हत्या की गई थी। मृतक के पास से मिली डायरी के आधार पर उसकी शिनाख्त आशीष निवासी गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई थी। गढ़ पुलिस ने 21 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी विशाल निवासी गांव धर्मपुरा, थाना बादलपुर, जनपद गौतमबुद्ध नगर को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया था। फरार तीन आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही थी। इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह हापुड़ में कचहरी के पास दबिश दी गई। वहां से दो फरार आरोपियों दीपक निवासी धर्मपुरा, थाना बादलपुर, जनपद गौतमबुद्ध नगर और परीक्षितगढ़, किठौर निवासी बोबी उर्फ अंकित को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में शामिल होना कबूल किया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एक अन्य फरार आरोपी अजय की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।