बेटी समेत बुजुर्ग संदिग्ध दशा में लापता
-- बेटे ने तांत्रिक पर अपहरण का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली हरोड़ा रोड से बुजुर्ग अपनी बेटी के साथ संदिग्ध दशा में लापता हो गया। जिसके बेटे ने हापुड़ निवासी एक तांत्रिक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए सिंभावली थाने में तहरीर दी है।
सिंभावली के हरोड़ा रोड निवासी सोहनवीर सिंह ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर बताया कि छह जनवरी को उसके 65 वर्षीय पिता नत्थू सिंह और 25 वर्षीय बहन प्रिया संदिग्ध दशा में लापता हो गए थे। जिनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोहनवीर का कहना है कि हापुड़ निवासी एक व्यक्ति का उसके घर काफी समय से आना-जाना है। जो तांत्रिक का काम भी करता है। पीड़ित का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उसके पिता को डरा-धमका कर 40 बीघा जमीन भी उसकी बहन के नाम करा दी थी। लापता होने से पहले उसकी बहन ने मकान के कागज भी अपने पास रख लिए थे। युवक का कहना है कि तांत्रिक ने उसके पिता और बहन का अपहरण किया है। पीड़ित ने दोनों की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसआई सरवन गौतम ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।