हापुड़। थाना देहात पुलिस ने सोमवार रात मीनाक्षी रोड स्थित मोहल्ला नवज्योति कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारकर करीब आठ लाख रुपये के पटाखों से भरे कार्टून बरामद किए। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि सोमवार की देर रात थाना पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि मोहल्ला नवज्योति कॉलोनी स्थित मकान में अवैध पटाखों का भंडारण किया हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने पुलिस बल के साथ मकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस जब मकान की छत पर पहुंची तो एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़े लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान उमेश चंद निवासी मोहल्ला नवज्योति कॉलोनी के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने मकान के ऊपर बने कमरे से करीब पांच क्विंटल पटाखों से भरे कई कार्टून बरामद किए। इनकी कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक परवेज चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने उमेश चंद के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने यह पटाखे बिना लाइसेंस के अपने मकान में भंडारण किए हुए थे। पटाखों के भंडारण से बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।