गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला सेगे वाले में तहेरे भाई की सुएं से गोदकर हत्या करने वाला आरोपी एनकाउंटर के डर से खुद पुलिस के पास पहुंच गया। उसने अपनी गलती मानते हुए पुलिस से गोली न मारने की मिन्नत की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला होली वाला निवासी इंदू लोधी हलवाई का काम करता था। मंगलवार को उसकी अपने ही चचेरे भाई मुकेश से रंजिशन कहासुनी के बाद गाली गलौज हो गई। इसके बाद दोनों के बीच मारपीट भी हुई। जिसके बाद सिर में डंडे लगने से गुस्साए मुकेश ने इंदू लोधी के पेट में बर्फ तोड़ने वाले सुएं से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। घटना में मृतक के भाई पप्पू ने हत्यारोपी मुकेश, भाई अतुल और पिता जयचंद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस की दो टीम आरोपियों को तलाश कर रही थीं। वहीं बुधवार शाम को आरोपी खुद ही पुलिस के पास पहुंच गया और बोला साहब कल मेरे से भाई का कत्ल हो गया था, अब कोतवाल साहब मुझे गोली न मार दें इसलिए आप मुझे पकड़ लो। आरोपी की बात सुनकर पुलिस कर्मी दंग रह गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के अलावा काफी जानकारी प्राप्त की जा चुकी है। जल्द ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।