बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के एनएच-9 स्थित उपैड़ा बाईपास बिस्मिल्लाह होटल के पास नीम करोली धाम के दर्शन कर घर लौट रहे कार सवार दंपती को कार ने टक्कर मार दी। इसमें दंपती घायल हो गए। व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हरियाणा के रोहतक निवासी विनय कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आठ जून की रात लगभग साढ़े दस बजे वह अपनी पत्नी के साथ नीम करोली धाम के दर्शन कर अपने दोस्त की कार से घर लौट रहे थे। एनएच-9 स्थित उपैड़ा बाईपास बिस्मिल्लाह होटल के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी थी।
इसमें वह व उनकी पत्नी घायल हो गई थी और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। टक्कर मारने वाली कार में सवार तीन व्यक्तियों ने शराब का सेवन कर रखा था। दुर्घटना के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए थे। फरार होते समय उन्होंने कार का नंबर देख लिया था।
सीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि व्यक्ति की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।