ब्रजघाट। जनपद अमरोहा निवासी ठेकेदार के मोबाइल, बाइक और बैग गंगा किनारे मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया है। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जनपद अमरोहा के लुहारी भूड गांव निवासी विजय सिंह ने हसनपुर थाने में तहरीर दी है। जिसमें उल्लेख किया है कि उसका बेटा गौरव ठेकेदारी करता है। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे वह घर से बाइक लेकर गया था। काफी देर तक जब वह घर नहीं आया तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। उसके फोन पर संपर्क किया तो उसका फोन नहीं उठ सका। उसके बाद परिजनों ने पुलिस की माध्यम से लोकेशन तलाश कराई, तो मोबाइल की लोकेशन ब्रजघाट में आई। परिजन ब्रजघाट पहुंच गए। वहां उन्होंने देखा कि उसकी बाइक, बैग और दो मोबाइल फोन रखे हुए हैं, जबकि गौरव का कोई सुराग नहीं लग सका है। गौरव के लापता होने के बाद से परिजन परेशान है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि लापता ठेकेदार के परिजनों ने गढ़ कोतवाली में कोई तहरीर अथवा सूचना नहीं दी है। सूचना मिलने पर जांच कराते हुए युवक की तलाश कराई जाएगी।