सर्दी के मौसम में ट्रेनों का संचालन लगातार गड़बड़ाने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। सोमवार को भी नौचंदी एक्सप्रेस सहित प्रमुख ट्रेन काफी देरी से हापुड़ पहुंची। ट्रेनों की देरी से यात्रियों को बसों में सफर करना पड़ रहा है।
सोमवार को इलाहाबाद से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से हापुड़ पहुंची। इसके अलावा संगम एक्सप्रेस पांच घंटे, सत्याग्रह एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र सिंह का कहना है कि धुंध के चलते ट्रेन प्रभावित हो रही हैं। नियमित समय पर ट्रेनों के संचालन को लेकर विभाग प्रयासरत है।
स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग
हापुड़ रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर दैनिक रेल यात्री संघ ने रेलवे महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष वेदप्रकाश सिंघल ने बताया कि हापुड़ माडल स्टेशन घोषित हुए वर्षों बीत गए।
प्रतिदिन हजारों यात्री दिल्ली, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद के बीच यात्रा कर नौकरी करते हैं। ऐसे में हापुड़ स्टेशन से बिना रुके दर्जनों ट्रेन गुजर जाती हैं। जिनमें कुछ प्रमुख ट्रेन गाजीपुर सुहेल देव एक्सप्रेस, महामना एक्सप्रेस, लखनऊ स्पेशल,
श्रमजीवी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस सहित 15 से अधिक ट्रेन हैं। पत्र के माध्यम से उन्होंने ट्रेनों के ठहराव देने की मांग की है। पत्र देने वालों में विपिन भारद्वाज, सुनील कुमार, मोहम्मद इमरान खान, डा. रवि वशिष्ठ, केपी त्यागी, उमेश बंसल, हरेंद्र शर्मा, सुभाष त्यागी, बिजेंद्र, राजीव शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सचिन गोयल शामिल रहे।